उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। 13 लोगों को लेकर जा रहा एक वाहन मुवानी कस्बे के पास सुनी पुल के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव ने बताया कि बचाव अभियान तेजी से चल रहा है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और राहत दलों को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मुफ्त में उपलब्ध कराने के आदेश भी जारी किए हैं।
लगातार हो रहे हैं पहाड़ी इलाकों में हादसे
उत्तराखंड में बारिश और पहाड़ी मार्गों की खराब स्थिति के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें और सावधानीपूर्वक यात्रा करें।
