छत्तीसगढ़ में MBBS की 150 सीटें घटीं, रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज में जीरो ईयर घोषित, कटऑफ बढ़ने की आशंका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मेडिकल की पढ़ाई के इच्छुक छात्रों के लिए इस बार बुरी खबर है। राज्य में MBBS की सीटों में 150 की कटौती कर दी गई है। दरअसल, नवा रायपुर स्थित रावतपुरा सरकार निजी मेडिकल कॉलेज में अनियमितताओं के चलते नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने कॉलेज को जीरो ईयर घोषित कर दिया है। इसका मतलब है कि इस कॉलेज में इस सत्र के लिए किसी भी छात्र को एडमिशन नहीं मिलेगा। हालांकि, पिछले सत्र में दाखिला ले चुके छात्रों की पढ़ाई जारी रहेगी।

30 जून को रावतपुरा मेडिकल कॉलेज में सीटें 150 से बढ़ाकर 250 करने के लिए NMC की टीम निरीक्षण करने आई थी। इस दौरान कॉलेज प्रबंधन पर टीम के एसेसरों को रिश्वत देने और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप सामने आया। मामले की जांच करते हुए CBI ने कॉलेज में छापा मारा और मौके से ही 3 एसेसर, कॉलेज डायरेक्टर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद देशभर के अन्य मेडिकल कॉलेजों व स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों समेत कुल 35 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

चार एसेसर ब्लैकलिस्ट, अन्य राज्यों के 6 कॉलेजों पर भी कार्रवाई
एनएमसी ने इस कार्रवाई के बाद चार एसेसरों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यही नहीं, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों के 6 निजी मेडिकल कॉलेजों को भी इस वर्ष के लिए जीरो ईयर घोषित किया गया है।

छत्तीसगढ़ में अब 1980 MBBS सीटें
रावतपुरा सरकार कॉलेज की 150 सीटें हटने के बाद प्रदेश में MBBS की कुल सीटें 2130 से घटकर अब 1980 रह गई हैं। सभी 10 सरकारी मेडिकल कॉलेजों को इस सत्र के लिए मान्यता मिल चुकी है। हालांकि चार निजी कॉलेजों की मान्यता पर फिलहाल NMC की ओर से कोई पत्र नहीं आया है। इन कॉलेजों ने भी सीटें 150 से 250 करने के लिए आवेदन दिया है, जिन पर जल्द फैसला हो सकता है।