बेंगलुरु। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ को लेकर कर्नाटक सरकार ने गुरुवार को रिपोर्ट सार्वजनिक की। रिपोर्ट में हादसे के लिए सीधे तौर पर RCB प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया गया है।
सरकार ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि RCB ने 1 जून को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री परेड आयोजित की थी, लेकिन इसके लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। आयोजकों की लापरवाही के चलते स्टेडियम और आसपास भारी भीड़ जमा हो गई।
11 की मौत, 50 घायल
रिपोर्ट के मुताबिक, भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। इसमें 11 लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए।
सरकारी रिपोर्ट में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली का भी जिक्र किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि कोहली और टीम के अन्य बड़े खिलाड़ियों के आने की खबर फैलते ही भीड़ और ज्यादा बढ़ गई।
आयोजन रद्द करने पर हिंसा की आशंका
सरकार ने रिपोर्ट में यह भी कहा कि उस वक्त आयोजन को बीच में रोकना संभव नहीं था। आयोजन रद्द किया जाता तो शहर में हिंसा और तोड़फोड़ की आशंका थी। ऐसे में भीड़ को संभालने के प्रयास किए गए, लेकिन हादसा हो गया।
हाईकोर्ट में पेश की गई रिपोर्ट
सरकार ने 15 जुलाई को कर्नाटक हाईकोर्ट में यह रिपोर्ट सौंपी थी। पहले सरकार ने कोर्ट से अनुरोध किया था कि रिपोर्ट को गोपनीय रखा जाए, लेकिन हाईकोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि इसके लिए कोई कानूनी आधार नहीं है। कोर्ट ने कहा कि इतनी बड़ी घटना की जानकारी सार्वजनिक करना जरूरी है।
