स्वच्छता में फिर छत्तीसगढ़ का जलवा, बिल्हा, बिलासपुर और कुम्हारी देश के टॉप शहरों में शामिल, नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

नई दिल्ली/रायपुर।
स्वच्छता के मामले में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए, जिसमें राज्य के तीन शहरों ने देश के टॉप स्थान हासिल किए।

बिल्हा नगर पंचायत को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में देश का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है। वहीं बिलासपुर ने तीन लाख से दस लाख जनसंख्या वर्ग में देश का दूसरा स्थान हासिल किया। कुम्हारी को 20 से 50 हजार की आबादी वाले शहरों में देश का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुआ सम्मान समारोह
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल, राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी मंच पर मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी नगरीय निकायों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के लिए गर्व की बात है। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और विजेता निकायों के महापौर व अध्यक्षों ने भी समारोह में हिस्सा लिया और पुरस्कार ग्रहण किए।

छत्तीसगढ़ के सात निकायों को सम्मान
स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के कुल सात नगरीय निकायों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया है। इनमें बिल्हा, बिलासपुर और कुम्हारी ने टॉप पोजिशन हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया।