जेल के भीतर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, मेकाहारा में भर्ती; KK श्रीवास्तव की फरारी में मदद के आरोप में 9 दिन पहले हुई थी गिरफ्तारी
रायपुर। राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। तांत्रिक केके श्रीवास्तव के करीबी और युवा कांग्रेस नेता आशीष शिंदे पर जेल के भीतर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज मेकाहारा अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आशीष शिंदे पर जेल के भीतर बदमाशों ने हमला किया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
केके श्रीवास्तव की फरारी में मदद का आरोप
तेलीबांधा पुलिस ने 9 दिन पहले आशीष शिंदे को तांत्रिक केके श्रीवास्तव की फरारी में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि आशीष ने केके श्रीवास्तव को अपनी गाड़ी में छिपाकर रायपुर में घुमाया और पुलिस की नजरों से बचाने की कोशिश की।
पुलिस ने शिंदे के मोबाइल की कॉल डिटेल और CCTV फुटेज के आधार पर उसके खिलाफ सबूत जुटाए।
कौन है आशीष शिंदे?
आशीष शिंदे रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र का युवा कांग्रेस अध्यक्ष है। कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में उसकी गहरी पकड़ मानी जाती है।
केके श्रीवास्तव के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस को शक है कि केके श्रीवास्तव के नेटवर्क में और भी बड़े राजनीतिक व कारोबारी नाम शामिल हो सकते हैं। पुलिस और साइबर सेल की टीम डिजिटल फोरेंसिक जांच कर रही है। मोबाइल, बैंक अकाउंट और सोशल मीडिया चैट की भी पड़ताल की जा रही है।
हमले के पीछे क्या साजिश?
जेल के अंदर हुए इस हमले के पीछे किन कारणों ने भूमिका निभाई, इसका पता लगाने के लिए जेल प्रशासन और पुलिस जांच में जुट गई है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले की वजहों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
