भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की ED ने की गिरफ्तारी, सियासी हलचल तेज

छत्तीसगढ़ की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की वजह कथित शराब घोटाले से जुड़ा मनी लॉन्ड्रिंग मामला बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक ED की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन न्यूज एजेंसी ANI ने गिरफ्तारी की खबर दी है।

चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया है। ED ने कोर्ट से 5 दिन की रिमांड की मांग की है। कोर्ट में फिलहाल सुनवाई जारी है और आदेश का इंतजार किया जा रहा है। इस दौरान कोर्ट परिसर में भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद रहे।

भूपेश बघेल का केंद्र सरकार पर हमला

चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा—
“ED आ गई। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। तमनार में अडाणी के लिए हो रही पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाना था, लेकिन भिलाई निवास में साहेब ने ED भेज दी।”

विधानसभा जाते समय मीडिया से बात करते हुए भूपेश बघेल ने कहा—
“पिछली बार मेरे जन्मदिन पर ED भेजी गई थी, इस बार मेरे बेटे के जन्मदिन पर। मोदी-शाह अपने मालिक को खुश करने के लिए ED का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन भूपेश बघेल न झुकेगा, न डरेगा। आज विधानसभा में अडाणी का मुद्दा जरूर उठेगा।”

सियासी हलचल तेज

चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में भूचाल आ गया है। कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है। वहीं भाजपा ने कहा है कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

शराब घोटाले से जुड़ा है मामला

बताया जा रहा है कि चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में हुई है। ED इस मामले में पिछले कई महीनों से जांच कर रही है। इससे पहले भी राज्य के कई अफसर और कारोबारी ED की कार्रवाई के घेरे में आ चुके हैं।