तेलुगु सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और कॉमेडियन फिश वेंकट (वेंकट राजा) का 18 जुलाई को निधन हो गया। 53 वर्षीय फिश वेंकट पिछले कई महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। किडनी फेल होने की वजह से उनका डायलिसिस चल रहा था और हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद फिश वेंकट को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
किडनी फेल होने से बिगड़ी थी हालत
फिश वेंकट की तबीयत पिछले काफी समय से खराब थी। किडनी फेल होने के कारण वे नियमित डायलिसिस पर थे। जब उनकी हालत और ज्यादा बिगड़ी तो उन्हें ICU में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। मगर बीती रात उनकी मौत हो गई।
कॉमेडी और निगेटिव रोल में बनाई खास पहचान
फिश वेंकट तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में अपने हास्य अभिनय के लिए बेहद मशहूर थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2000 के दशक में फिल्म ‘कुशी’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘आदी’, ‘बनी’, ‘अदूर’, ‘गब्बर सिंह’, ‘डीजे टिल्लू’ जैसी दर्जनों फिल्मों में यादगार अभिनय किया।
वेंकट सिर्फ कॉमेडी ही नहीं बल्कि कई फिल्मों में निगेटिव रोल में भी नजर आए। हाल ही में वे ‘स्लम डॉग हसबैंड’, ‘नरकासुर’, और ‘कॉफी विद अ किलर’ जैसी फिल्मों में दिखे थे।
प्रभास ने की थी मदद
फिश वेंकट के इलाज में बाहुबली स्टार प्रभास ने भी मदद का हाथ बढ़ाया था। प्रभास ने वेंकट के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए 50 लाख रुपए देने का वादा किया था। इस बात की जानकारी खुद वेंकट की बेटी श्रावंती ने दी थी।
श्रावंती ने प्रभास के साथ-साथ अन्य तेलुगु सुपरस्टार्स से भी मदद की अपील की थी। उन्होंने चिरंजीवी, पवन कल्याण, अल्लू अर्जुन और जूनियर एनटीआर से भी उनके पिता की मदद के लिए आगे आने की गुजारिश की थी।
इंडस्ट्री में शोक की लहर
फिश वेंकट के निधन की खबर से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और साथी कलाकार लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
उनकी अदाकारी और कॉमिक टाइमिंग हमेशा याद की जाएगी।
