बलौदाबाजार, 22 जुलाई 2025। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई जारी है। आबकारी आयुक्त श्री श्याम धावड़े के निर्देश पर, कलेक्टर दीपक सोनी एवं जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में सोमवार को विशेष अभियान के तहत 25 बल्क लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई।
सहायक आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कसडोल वृत्त की टीम ने थाना कसडोल अंतर्गत ग्राम मुड़पार में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी राधेश्याम जायसवाल पिता मोतीलाल के कब्जे से 25 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसका बाजार मूल्य लगभग 5000 रुपये आँका गया है।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जलेश कुमार सिंह के साथ नगर सैनिक राजकुमारी पैकरा भी मौजूद रहीं।
जिले में अवैध शराब पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
आबकारी विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के कारोबार की सूचना हो तो विभाग को सूचित करें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
