बिलासपुर में करंट से रिटायर्ड प्रोफेसर की मौत, पेंड्रा में पुल बहा, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में रेड अलर्ट

बिलासपुर/पेंड्रा। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिलासपुर में एक दर्दनाक हादसे में रिटायर्ड प्रोफेसर की करंट लगने से मौत हो गई। बुधवार रात हुई भारी बारिश के बाद उनके घर में पानी भर गया था। गुरुवार सुबह जब वे इन्वर्टर का प्लग निकालने की कोशिश कर रहे थे, तब करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई।

उधर पेंड्रा इलाके में बारिश से हालात और बिगड़ गए हैं। यहां केवची-पीपरखुटी के बीच कौहा नाले पर बना पुल पानी के तेज बहाव में बह गया। इससे पेंड्रा-केवची-अमरकंटक और अमरकंटक-केवची-बिलासपुर मेन रोड पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क के दो हिस्सों में कट जाने से केवंची, आमडोब, जोगीसार, बेलपत, गौरखेड़ा, डूगरा सहित छह गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

रेड अलर्ट: बलरामपुर, जशपुर, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर

ऑरेंज अलर्ट: बस्तर, दंतेवाड़ा, कोरिया, राजनांदगांव, रायगढ़ समेत 14 जिले

यलो अलर्ट: रायपुर, महासमुंद, बेमेतरा, दुर्ग समेत 9 जिले

राज्य में बीते 24 घंटे में औसतन 35 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। अगले दो दिन नॉर्थ और साउथ छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

तापमान की स्थिति

बारिश के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

सबसे अधिक तापमान: दुर्ग में 32.5°C

सबसे कम न्यूनतम तापमान: दुर्ग में ही 20.8°C रिकॉर्ड किया गया।