WWE सुपरस्टार हल्क होगन का निधन: रेसलिंग जगत में शोक की लहर

वर्ल्ड रेसलिंग एंटरटेनमेंट (WWE) से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। WWE के दिग्गज सुपरस्टार हल्क होगन का गुरुवार को कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकने) के कारण निधन हो गया। 71 वर्षीय होगन के अचानक निधन से रेसलिंग की दुनिया और उनके करोड़ों फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है। WWE ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की है।

फ्लोरिडा स्थित घर पर ली अंतिम सांस

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार सुबह हल्क होगन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। वह अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित क्लियरवॉटर शहर में अपने घर पर थे, जहां डॉक्टरों को इमरजेंसी में बुलाया गया। मौके पर पुलिस और मेडिकल टीम भी पहुंची, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्हें स्ट्रेचर पर डालकर एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, परंतु रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

रेसलिंग का आइकन रहे हल्क होगन

हल्क होगन का जन्म 11 अगस्त 1953 को जॉर्जिया के ऑगस्टा शहर में हुआ था। वह 1980 और 1990 के दशक में WWE (तब WWF) के सबसे बड़े सुपरस्टारों में शुमार थे। उनकी पहचान उनके अनोखे अंदाज—लाल-पीली पोशाक, लंबे सुनहरे बाल और हैंडलबार मूंछों से होती थी। उनका ‘हल्कमेनिया’ स्लोगन उस दौर में फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज बन चुका था।

6 बार बने WWE चैंपियन

हल्क होगन ने अपने करियर में 6 बार WWE वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियनशिप जीती। उन्होंने एंड्रे द जायंट, रैंडी सैवेज, अंडरटेकर और द रॉक जैसे दिग्गजों के साथ कई यादगार मुकाबले किए। रेसलमेनिया जैसे प्रतिष्ठित इवेंट्स में उनकी मौजूदगी ने WWE को वैश्विक पहचान दिलाई।

फिल्मों और टीवी में भी आजमाया हाथ

रेसलिंग के अलावा हल्क होगन ने हॉलीवुड फिल्मों और टीवी शोज में भी अभिनय किया। उन्होंने कई रियलिटी शोज़ और एक्शन फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। उन्हें WWE हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया गया था, जो रेसलिंग के क्षेत्र में सर्वोच्च सम्मान माना जाता है।

फैंस और रेसलिंग इंडस्ट्री में शोक

हल्क होगन के निधन की खबर से पूरी रेसलिंग इंडस्ट्री और उनके फैंस सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। WWE सुपरस्टार्स, पूर्व रेसलर्स और फैंस उन्हें एक प्रेरणास्त्रोत और लेजेंड के रूप में याद कर रहे हैं।