हैदराबाद। नागोले इंडोर स्टेडियम में रविवार रात बैडमिंटन खेलते समय एक युवक की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय राकेश के रूप में हुई है, जो हैदराबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राकेश खेल के दौरान शटल कॉक उठाने झुका और उसी समय वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक, उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है।
घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें राकेश खेलते हुए अचानक गिरते हुए नजर आ रहे हैं।
