भारत-अमेरिका का संयुक्त मिशन ‘निसार’ सफलतापूर्वक लॉन्च, पृथ्वी पर रखेगा पैनी नजर

आज शाम 5:40 बजे भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की। अब तक का सबसे महंगा और सबसे पावरफुल अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट निसार (NISAR) सफलतापूर्वक श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च कर दिया गया। इसे GSLV-F16 रॉकेट के जरिए 743 किलोमीटर ऊंची सन-सिंक्रोनस कक्षा (SSO) में स्थापित किया गया।

इस ऐतिहासिक मिशन को NASA और ISRO ने संयुक्त रूप से विकसित किया है। करीब 18 मिनट की उड़ान में निसार को उसके निर्धारित ऑर्बिट में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया। यह सैटेलाइट 747 किलोमीटर की ऊंचाई पर पोलर ऑर्बिट में पृथ्वी के ध्रुवों के ऊपर से चक्कर लगाएगा।

क्या करेगा निसार?

निसार का मुख्य उद्देश्य पृथ्वी की सतह पर होने वाले परिवर्तनों जैसे भूकंप, भूस्खलन, हिमखंडों का पिघलना, जंगलों की कटाई और कृषि संबंधित बदलावों पर नजर रखना है। यह धरती की सतह पर सेंटीमीटर स्तर तक की हलचल को भी रिकॉर्ड कर सकेगा।

इस मिशन की कुल अवधि 5 साल तय की गई है। इसमें प्रयुक्त डुअल-बैंड (L और S) रडार तकनीक इसे बेहद सटीक और शक्तिशाली बनाती है। यह डेटा जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदाओं और संसाधन प्रबंधन जैसी बड़ी वैश्विक चुनौतियों के समाधान में मदद करेगा।