बंगाल क्रिकेट के उभरते सितारे और युवा बल्लेबाज प्रियजीत घोष (22) की शुक्रवार को जिम में वर्कआउट करते समय दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। यह दुखद घटना बोलपुर के मिशन कम्पाउंड इलाके स्थित एक जिम में हुई, जहां प्रियजीत नियमित रूप से कसरत के लिए जाया करते थे। प्रियजीत घोष ने 2018-19 के इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) ने उन्हें सम्मानित भी किया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह रोज की तरह जिम में पसीना बहा रहे थे और अचानक उन्हें चक्कर आने लगे। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, दिल का दौरा ही उनकी मौत का कारण बताया गया है।
प्रियजीत क्रिकेट को लेकर बेहद समर्पित थे और बंगाल रणजी टीम में चयन के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे। उनके करीबी दोस्तों ने बताया कि वह भारतीय टीम में खेलने का सपना देखता था और विराट कोहली को अपना आदर्श मानता था। विराट की तरह वह भी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहता था।
इस असमय निधन से बंगाल क्रिकेट में शोक की लहर है। क्रिकेट प्रेमियों और प्रियजीत के साथियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेटरों ने भी उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
क्रिकेट संघ ने जताया दुख
बंगाल क्रिकेट संघ (CAB) ने प्रियजीत की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनके परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। संघ के अधिकारियों ने कहा कि वह एक होनहार खिलाड़ी थे और उनका यूं चले जाना क्रिकेट समुदाय के लिए बड़ी क्षति है।
