कोरबा। जिला जेल कोरबा से चार विचाराधीन कैदियों के फरार होने की सनसनीखेज घटना ने जेल प्रशासन और पुलिस विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना तब हुई जब जेल परिसर में अचानक बिजली गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार होने में सफलता पा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी फरार कैदी जेल में बीमार मवेशियों की देखरेख के कार्य में लगे थे। इसी दौरान जेल परिसर की बिजली बंद हो गई, जिससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित हुई। कैदियों ने इसी मौके का फायदा उठाकर जेल की सुरक्षा को चकमा दिया और बाहर निकल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे जिले में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। फरार कैदियों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर जांच की जा रही है। साथ ही, जेल के बाहर और परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कैदियों के भागने के रास्ते और संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके।
