दुर्ग, 5 अगस्त 2025:
भिलाई नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 36 (टाटा लाइन) में पीलिया के दो मरीजों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। मलेरिया विभाग के अधिकारियों ने जांच के बाद इसकी पुष्टि की है। क्षेत्र में जल प्रदूषण को बीमारी फैलने की संभावित वजह माना जा रहा है।
वहीं, पीलिया से एक व्यक्ति की मौत की चर्चा को लेकर उठे संदेह पर स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि उक्त व्यक्ति को पहले से गंभीर बीमारी थी और मृत्यु का कारण पीलिया नहीं, बल्कि वही पुरानी बीमारी रही है।
जल आपूर्ति में गड़बड़ी, पीएचई को निर्देश
मलेरिया विभाग के अधिकारी सीपी बंजारे ने बताया कि बीएसपी और नगर निगम की जल आपूर्ति लाइनों के सीवरेज से मिक्स होने के कारण जल प्रदूषण की स्थिति बनी है, जिससे पीलिया फैलने का खतरा बढ़ गया है। इस पर नियंत्रण के लिए जनस्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHED) को पानी के सैंपल की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जल गुणवत्ता की जांच के बाद सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
