रायपुर, 6 अगस्त 2025 – राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में हुई बड़ी लापरवाही के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह ने सख्त एक्शन लिया है। VIP रोड पर चेकिंग के दौरान एक गाड़ी से साढ़े 10 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे, लेकिन इस पूरे मामले में थाना प्रभारी और स्टाफ की घोर लापरवाही सामने आई। बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के नकदी को वापस कर दिया गया, जिसकी सूचना मिलते ही SSP ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की।
गाड़ी से मिले थे 10.5 लाख रुपये
SSP के अनुसार, 4 और 5 अगस्त की दरमियानी रात माना थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से ₹10.5 लाख नगद बरामद हुए। मौके पर मौजूद हवलदार और दो अन्य पुलिसकर्मियों ने रकम को थाने लाने के बावजूद कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की। उल्टा, वाहन चालक को अगली सुबह आकर पैसे ले जाने को कहा गया।
बिना केस दर्ज किए लौटा दिया पैसा
बताया जा रहा है कि जब वाहन चालक अगले दिन थाने पहुंचा, तो उसे सारा कैश बिना किसी केस या पूछताछ के लौटा दिया गया। मामले की जानकारी SSP तक पहुंची तो उन्होंने तत्काल जांच के आदेश दिए और जिम्मेदारों पर बड़ी कार्रवाई कर दी।
SSP की सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी यमन देवांगन को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर लाइन अटैच कर दिया गया है।
चेकिंग टीम में शामिल प्रधान रक्षक रमेश राठौर, आरक्षक हेमंत राठौर और आरक्षक शिव निराला को सस्पेंड कर दिया गया है।
मामले में विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
