योगेश यादव/ बलौदाबाजार, 6 अगस्त 2025 – छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) में घोर लापरवाही के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विकासखंड पलारी के लच्छनपुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में 28 जुलाई को आवारा कुत्ते द्वारा जूठी की गई सब्जी को बच्चों को परोसने की घटना के सामने आने के बाद कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर दो शिक्षकों को निलंबित और तीन शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी गई है।
क्या है मामला?
जांच में पाया गया कि 28 जुलाई को मध्यान्ह भोजन के लिए बनी सब्जी को एक आवारा कुत्ते ने जूठा कर दिया था। इसके बावजूद प्रधान पाठक और रसोइयों ने उसे जानबूझकर छात्रों को परोस दिया। इस लापरवाही के बाद 84 बच्चों को गुपचुप तरीके से एंटी-रेबीज टीका लगाया गया। इस पूरे मामले को स्कूल स्टाफ ने छिपाने का प्रयास किया, जिसकी शिकायत सामने आने पर जांच कराई गई।
ये हुए निलंबित:
नेतराम गिरि, प्रभारी प्रधान पाठक
एल.बी. वेदप्रकाश पटेल, शिक्षक
इन दोनों को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन के आधार पर संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सिमगा निर्धारित किया गया है।
तीन शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी गई:
एल.बी. रविलाल साहू
एल.बी. नेमीचंद बघेल
एल.बी. नामप्यारी ध्रुव
इन तीनों शिक्षकों ने मामले को छिपाने में सहयोग किया, जिसके कारण उनकी एक वार्षिक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकी गई है।
