उपराष्ट्रपति चुनाव: भाजपा ने तेज की उम्मीदवार खोज, कई नाम चर्चा में

नई दिल्ली। देश के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव में अब एक महीने से भी कम समय बचा है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उम्मीदवार तय करने की कवायद तेज़ कर दी है। पार्टी ने संभावित दावेदारों पर गहन चर्चा शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। इसके अलावा गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में हैं।

भाजपा और आरएसएस से जुड़े विचारक सेशाद्रि चारी का नाम भी चर्चा में है। वहीं, बिहार विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश का नाम भी सामने आया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगला उपराष्ट्रपति भाजपा से होगा और उसकी विचारधारा आरएसएस तथा भाजपा से गहराई से जुड़ी होगी।

धनखड़ के इस्तीफे से बनी स्थिति

21 जुलाई को तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर इस्तीफा दे दिया था। हालांकि सूत्रों का कहना है कि असली वजह धनखड़ और केंद्र सरकार के बीच बढ़ता अविश्वास था। खासकर न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के महाभियोग मामले में सरकार के पक्ष से अलग रुख अपनाने के बाद मतभेद गहराए थे।

पीएम मोदी और नड्डा चुनेंगे उम्मीदवार

एनडीए ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को उम्मीदवार चुनने का अधिकार दिया है। पार्टी अगले हफ्ते शीर्ष नेताओं और सहयोगी दलों की बैठक बुलाने जा रही है, जो शक्ति प्रदर्शन का भी संकेत मानी जा रही है।

सभी एनडीए सांसदों को मंगलवार को संसदीय दल की बैठक में बुलाया गया है। संभावना है कि इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी सांसदों को संबोधित करेंगे।