बीजापुर में नक्सली IED ब्लास्ट, DRG का जवान शहीद – 3 जवान घायल

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी (IED) ब्लास्ट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) का एक जवान शहीद हो गया, जबकि तीन जवान घायल हो गए। घटना रविवार सुबह नेशनल पार्क क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त को DRG की टीम नक्सल विरोधी अभियान के तहत सर्चिंग पर निकली थी। 18 अगस्त की सुबह सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटक में धमाका हो गया। इस घटना में जवान दिनेश नाग शहीद हो गए, वहीं तीन अन्य जवान घायल हुए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर किए जाने की तैयारी है। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि मामले में विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।