पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय को NAAC की A+ ग्रेडिंग, पांच साल तक वैध रहेगा दर्जा

रायपुर, 18 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) को नेशनल असेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन काउंसिल (NAAC) ने A+ ग्रेडिंग प्रदान की है। यह ग्रेड अगले पांच साल तक मान्य रहेगा।

400 कर्मचारियों ने किया लगातार काम

ग्रेड अप्रूवल के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और स्टाफ ने पिछले एक महीने से दिन-रात मेहनत की। यहां तक कि 15 अगस्त तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई थीं, ताकि सभी दस्तावेज़ और तैयारियां समय पर पूरी की जा सकें।

इस बार टीम आई ऑटो से

खास बात यह रही कि इस बार 5 अगस्त को NAAC टीम यूनिवर्सिटी ऑटो से पहुंची। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन्हें लगभग एक घंटे तक एक कमरे में बैठाए रखा और उसके बाद क्रॉस वेरिफिकेशन हुआ। इसके बाद 5 से 7 अगस्त तक हाइब्रिड मोड (ऑनलाइन-ऑफलाइन) में विश्वविद्यालय का असेसमेंट किया गया। टीम की रिपोर्ट पर यूनिवर्सिटी को A+ ग्रेड प्रदान किया गया।

पहले B++ से असंतोष

गौरतलब है कि NAAC टीम ने साल 2023 में शैक्षणिक सत्र 2016-17 से 2020-21 तक का असेसमेंट किया था। तब विश्वविद्यालय को B++ ग्रेड मिला था। इस ग्रेडिंग पर विश्वविद्यालय ने असहमति जताई थी।
इसके बाद 8 अगस्त 2023 को यूनिवर्सिटी के पुनः असेसमेंट के आदेश जारी हुए। नियमों के तहत यदि कोई संस्था ग्रेडिंग से असंतुष्ट होती है, तो वह एक साल बाद और कम से कम तीन महीने पहले री-असेसमेंट के लिए आवेदन कर सकती है। PRSU ने यही किया।

अब 2019-20 से 2023-24 तक का मूल्यांकन

ताज़ा असेसमेंट में शैक्षणिक सत्र 2019-20 से 2023-24 तक का मूल्यांकन शामिल किया गया। इसके बाद NAAC ने विश्वविद्यालय को A+ ग्रेडिंग देकर सम्मानित किया।