नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की चयन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। नीतू डेविड की अगुवाई वाली चयन समिति मंगलवार को बैठक कर सकती है, जिसमें महिला वनडे विश्व कप और उससे पहले होने वाली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान संभव है।
सूत्रों के अनुसार, चयन समिति की बैठक मंगलवार दोपहर को निर्धारित है। इस बैठक में विश्व कप टीम को अंतिम रूप दिया जा सकता है। हालांकि, टीम की औपचारिक घोषणा बाद में भी हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए लॉजिस्टिक और आधिकारिक औपचारिकताओं में देरी हो सकती है।
शुरुआती अटकलें थीं कि सीरीज और विश्व कप के लिए अलग-अलग टीमें चुनी जाएंगी, ताकि कुछ खिलाड़ियों को विश्व कप से पहले तरोताजा रखा जा सके। लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि एक ही टीम की घोषणा की जाएगी, जिसमें जरूरत पड़ने पर मामूली बदलाव किए जा सकते हैं।
