कैबिनेट बैठक : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में अहम फैसले

रायपुर, 19 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

👉 पीडीएस के हितग्राहियों को चना वितरण
मंत्रिपरिषद ने निर्णय लिया है कि राज्य के अनुसूचित क्षेत्र एवं माड़ा पॉकेट क्षेत्र में रहने वाले अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हर माह वितरित होने वाला 2 किलो चना, नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा NeML ई-ऑक्शन प्लेटफार्म के माध्यम से खरीदा जाएगा। यह खरीदी 0.25% या उससे कम ट्रांजैक्शन/सर्विस चार्ज पर होगी।
साथ ही, जुलाई 2025 से नवंबर 2025 तक जिन हितग्राहियों को चना नहीं मिला है, उन्हें पात्रतानुसार यह चना दिसंबर 2025 तक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

👉 नवा रायपुर में आईटी उद्योग को बढ़ावा
कैबिनेट ने नवा रायपुर में सूचना प्रौद्योगिकी (IT/IITS) उद्योग को प्रोत्साहन देने के लिए 90 एकड़ भूमि रियायती प्रीमियम दर पर आबंटित करने का फैसला लिया है।
इस निर्णय से प्रदेश में आईटी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा, औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही, नवा रायपुर में तकनीकी एवं आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा और आधारभूत संरचनाओं के विकास से स्थानीय लोगों को भी लाभ पहुंचेगा।