नवा रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन परिसर में पंजाब नेशनल बैंक की नई शाखा, एटीएम एवं डिपॉजिट मशीन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभागाध्यक्ष कार्यालय इंद्रावती भवन के कर्मचारियों, नवा रायपुर के आसपास निवासरत नागरिकों तथा बैंक के अधिकारियों-कर्मचारियों को शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। पहले योजनाओं की राशि नगद रूप में वितरित होती थी, जिससे लीकेज की समस्या बनी रहती थी, लेकिन अब डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से राशि सीधे और पारदर्शी ढंग से हितग्राहियों तक पहुँच रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापना के साथ-साथ बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार भी तीव्र गति से हो रहा है। सरगुजा और बस्तर अंचल के दूरस्थ गाँवों में बैंक शाखाओं की स्थापना से सरकार का “अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधा पहुँचाने” का संकल्प साकार हो रहा है।
वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में गुड गवर्नेंस की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में प्रदेश के बैंकिंग सेक्टर और अर्थव्यवस्था के लिए अपार संभावनाएँ हैं। विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका होगी और बैंकों को भी इस दिशा में अपनी सक्रिय व प्रभावी भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव श्री मुकेश बंसल, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेशक श्री अशोक चंद्र सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
