दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव ने ली मंत्री पद की शपथ, छात्र राजनीति से बने सियासत के सितारे

रायपुर। दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने आज रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने से पहले वे दुर्ग के गणेश मंदिर और शिव मंदिर पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

गजेन्द्र यादव ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत वर्ष 1996 में छात्र जीवन से की थी। मात्र 21 वर्ष की आयु में वे अविभाजित मध्यप्रदेश के सबसे युवा पार्षद बने। इसके बाद वे लगातार पांच बार पार्षद चुने गए और नगर निगम दुर्ग के पूर्व उपमहापौर भी रहे।

राजनीति में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के दौरान यादव ने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। ओबीसी समाज को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने के लिए उन्होंने कई कार्यक्रम आयोजित किए।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में यादव ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण बोरा को हराकर शानदार जीत हासिल की थी। आज मंत्री पद की शपथ लेकर उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में एक नई शुरुआत की है।