मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारों को भी प्रभावित कर दिया है। बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित निवास जलसा और उनके पूर्व निवास प्रतीक्षा में पानी घुसने के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि बच्चन खुद वाइपर से पानी निकालते दिखे, हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है।
बारिश ने मुंबई की रफ्तार थाम दी है। बीते 24 घंटे में शहर में करीब 300 मिमी बारिश दर्ज की गई। स्थानीय ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, 34 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, वहीं 250 से ज्यादा उड़ानों पर असर पड़ा। लगातार तीसरे दिन स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रहे।
बीएमसी ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करें।
राज्य में जन-जीवन अस्तव्यस्त
केवल मुंबई ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के कई जिले भी भारी बारिश से प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटे में बारिश और बाढ़ से 6 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्यभर में एनडीआरएफ की 18 टीमें और नांदेड़ जिले के मुखेड में एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं, जहां 293 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
मोनो रेल में फंसे 582 यात्री
बारिश का सबसे बड़ा हादसा मंगलवार शाम को हुआ, जब चेंबूर और भक्ती पार्क स्टेशन के बीच एक मोनो रेल फंस गई। इसमें सवार 582 यात्रियों को फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित निकाला। एसी बंद होने के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी हुई। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने 23 यात्रियों का इलाज किया, जबकि 2 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन खतरनाक तरीके से झुक गई थी और अंधेरा भी तेजी से बढ़ रहा था। सभी लोग दहशत में थे और प्रार्थना कर रहे थे कि किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल सकें।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
