अमेरिका में सियासी भूचाल: पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन के घर FBI का छापा

अमेरिका की राजनीति में अचानक बड़ा तूफ़ान खड़ा हो गया है। पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के राजदूत रह चुके जॉन बोल्टन के मैरीलैंड स्थित बेथेस्डा वाले घर पर शुक्रवार सुबह 7 बजे FBI ने छापेमारी की।

क्यों हुई कार्रवाई?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कार्रवाई बोल्टन की विवादित किताब “The Room Where It Happened” से जुड़ी है। किताब में ट्रंप प्रशासन के दौरान की कई गोपनीय जानकारियां उजागर की गई थीं। डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने इस किताब की रिलीज रोकने की कोशिश भी की थी, लेकिन 2020 में यह प्रकाशित हो गई।

FBI डायरेक्टर का बयान
FBI डायरेक्टर काश पटेल ने छापे के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा— “कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। एफबीआई एजेंट्स मिशन पर हैं।”

क्या हैं आरोप?
बोल्टन पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय सूचनाओं का खुलासा किया। सितंबर 2020 में ट्रंप प्रशासन के न्याय विभाग ने इस मामले में जांच शुरू की थी। अब उसी जांच को आगे बढ़ाते हुए छापेमारी की गई है।

ट्रंप से पुराना मतभेद
बोल्टन, ट्रंप के कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार थे, लेकिन मतभेद के चलते उन्होंने पद छोड़ दिया था। इसके बाद से वे लगातार ट्रंप की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने ट्रंप के उस दावे पर भी टिप्पणी की थी जिसमें पूर्व राष्ट्रपति ने कहा था कि भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर उन्हीं की पहल पर हुआ था। बोल्टन ने इसे ट्रंप की आदत करार दिया और कहा कि इसका भारत से कोई लेना-देना नहीं है।