भारत-पाक सीमा पर 15 पाकिस्तानी मछुआरे गिरफ्तार, बीएसएफ ने जब्त की नाव

गुजरात के कच्छ जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास से 15 पाकिस्तानी मछुआरों को गिरफ्तार किया है। बीएसएफ ने इनके पास से इंजन चालित नाव भी जब्त की है।

बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक, कोरी क्रीक स्थित सीमा चौकी के निकट एक संदिग्ध नाव देखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर 68वीं बटालियन के जवानों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान 15 पाकिस्तानी मछुआरे पकड़े गए, जो सभी पाकिस्तान के सिंध प्रांत के सुजावल जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

नाव से मिला सामान
बीएसएफ ने बताया कि जब्त की गई नाव से करीब 60 किलो मछली, मछली पकड़ने के 9 जाल, डीजल, बर्फ, खाने-पीने का सामान और लकड़ी के डंडे मिले। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और 200 रुपये की पाकिस्तानी मुद्रा भी बरामद की गई।

फिलहाल सभी मछुआरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बीएसएफ के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच जारी है।