लखनऊ/आगरा। प्रदेश में नकली दवाइयों के सबसे बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की नकली दवाएं जब्त की गईं। शनिवार रात गिरफ्तार किए गए आगरा के बड़े दवा कारोबारी हिमांशु अग्रवाल से पूछताछ में खुलासा हुआ कि नकली दवा का नेटवर्क चेन्नई से लेकर नेपाल और बांग्लादेश तक फैला हुआ है।
करोड़ों की नकली दवाएं, 1 करोड़ की रिश्वत की पेशकश
शुक्रवार रात लखनऊ स्थित एसटीएफ मुख्यालय को सूचना मिली थी कि चेन्नई से ट्रेन द्वारा आई नकली दवाओं की खेप आगरा के हे मां मेडिको और बंसल मेडिकल स्टोर तक पहुंचाई जा रही है। टीम ने ऑटो चालक को पकड़कर पूछताछ की और फिर छापेमारी में भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद कीं।
कार्रवाई रोकने के लिए संचालक हिमांशु अग्रवाल ने एसटीएफ को 1 करोड़ रुपये कैश की रिश्वत देने की पेशकश की, जिसके बाद उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने देर रात मशीनों से नोटों की गिनती की और उसके गोदाम से करोड़ों की दवाइयां जब्त कीं। रविवार तक कुल 3.37 करोड़ रुपये की नकली दवाएं जब्त की जा चुकी हैं।
मल्टीनेशनल कंपनियों के नाम पर नकली दवा
जांच में सामने आया कि सिंडिकेट ने जाइडस, ग्लेनमार्क, सन फार्मा, सनोफी जैसी मल्टीनेशनल कंपनियों के नाम से नकली दवाइयों की सप्लाई की। पुडुचेरी स्थित मीनाक्षी फार्मा के नाम पर 10 लाख के बिल के साथ 87 लाख रुपये की नकदी दवाएं शुक्रवार को भेजी गई थीं।
दक्षिण भारत के माफिया से कनेक्शन
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि हिमांशु अग्रवाल दक्षिण भारत के दवा माफिया राजा सिंह के साथ मिलकर नकली दवा तैयार करता था। इन दवाओं की सप्लाई आगरा से ट्रांसपोर्ट के जरिए नेपाल, बांग्लादेश और 12 राज्यों में की जाती थी।
अरबों का टर्नओवर, छोटे गोदाम में चलता था खेल
औषधि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार –
-
हे मां मेडिको का वार्षिक टर्नओवर करीब 450 करोड़ रुपये है।
-
बंसल मेडिकल का टर्नओवर करीब 350 करोड़ रुपये है।
हालांकि दोनों की दुकानों का आकार इतना छोटा है कि उसमें इतनी बड़ी मात्रा में दवा नहीं रखी जा सकती, जिसके चलते इनका असली कारोबार छुपे हुए गोदामों से चलता था।
जांच जारी
एसटीएफ और औषधि विभाग की टीमें अभी कई गोदामों पर छापेमारी कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, हिमांशु अग्रवाल का नाम 2022 में गुजरात में पकड़े गए हवाला नेटवर्क में भी सामने आया था। आयकर विभाग अब उसकी वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहा है।
