छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों पर होगी कैशलेश व्यवस्था, होटल, ढाबों और फॉर्म हाउसों में अवैध शराब की बिक्री एवं सेवन पर लगेगी रोक

रायपुर, 25 अगस्त 2025- छत्तीसगढ़ में अब शराब की खरीदारी ऑनलाइन भुगतान से की जा सकेगी। आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने विभागीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की सभी शराब दुकानों में जल्द ही शत-प्रतिशत कैशलेश भुगतान की व्यवस्था लागू की जाए।

मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शराब दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर मुख्यालय से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। साथ ही अवैध मदिरा और नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अंतर्राज्यीय सीमाओं पर जांच चौकियों की सतर्कता और विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

बैठक में होटल, ढाबों और फॉर्म हाउसों में अवैध शराब की बिक्री एवं सेवन पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि फार्म हाउस में होने वाली शराब पार्टियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

उन्होंने आबकारी विभाग की लाइसेंस व्यवस्था, मार्केटिंग कॉर्पोरेशन और बार-क्लब से जुड़ी जानकारी की भी समीक्षा की। इसके साथ ही विभागीय राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।

बैठक में वाणिज्य कर एवं आबकारी विभाग की सचिव श्रीमती आर. शंगीता, विशेष सचिव श्री देवेंद्र कुमार भारद्वाज, अपर आयुक्त श्री आशीष श्रीवास्तव, श्री पी.एल. साहू, श्री जी.के. भगत सहित छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अधिकारी मौजूद रहे।