मुंबई के विरार में चार मंजिला इमारत गिरी, तीन की मौत, कई दबे होने की आशंका

मुंबई, 26 अगस्त।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के विरार पूर्व इलाके में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित रमाबाई अपार्टमेंट की चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से 25 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय चौथी मंजिल पर एक साल की बच्ची का जन्मदिन समारोह चल रहा था। तभी अचानक पूरी इमारत का हिस्सा गिर पड़ा और वहां अफरातफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। अब तक पाँच लोगों को जिंदा बाहर निकाला गया है और उन्हें वीवीसीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इस इमारत में करीब बारह परिवार रहते थे।

फिलहाल बचाव अभियान जारी है और मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने आसपास के इलाकों को खाली करा दिया है और भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।