महान ऑफ स्पिनर आर. अश्विन ने IPL को कहा अलविदा, अब खेलेंगे विदेशी लीग्स

नई दिल्ली, 27 अगस्त 2025।
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से भी संन्यास की घोषणा कर दी है। बुधवार को उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर इस बात की जानकारी साझा की।

अश्विन ने लिखा, “खास दिन और इसलिए एक खास शुरुआत। कहते हैं हर अंत की एक नई शुरुआत होती है, एक आईपीएल क्रिकेटर के रूप में मेरा समय आज समाप्त हो रहा है, लेकिन विभिन्न लीगों में खेल के एक अन्वेषक के रूप में मेरा समय आज से शुरू हो रहा है। इतने सालों की शानदार यादों और रिश्तों के लिए सभी फ्रेंचाइजी टीमों का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा और सबसे जरूरी IPL और BCCI का, जो उन्होंने मुझे अब तक दिया है।”

गौरतलब है कि अश्विन ने पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अब IPL से भी अलविदा कहकर उन्होंने साफ कर दिया है कि वे भारत में प्रोफेशनल क्रिकेट नहीं खेलेंगे।

हालांकि, अश्विन पूरी तरह क्रिकेट से दूर नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में वे दुनिया की विभिन्न टी20 लीग्स में खेलते नजर आएंगे।

IPL करियर पर नजर
आर. अश्विन ने IPL में चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी फ्रेंचाइजियों के लिए खेला। वे अपनी घातक गेंदबाजी और स्मार्ट क्रिकेटिंग ब्रेन के लिए जाने जाते रहे। अश्विन ने IPL में अब तक 190 से ज्यादा मुकाबले खेले और 170 से अधिक विकेट अपने नाम किए।

अश्विन का IPL से संन्यास भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा अध्याय खत्म होने जैसा है। अब फैंस उन्हें विदेशी टी20 लीग्स में खेलते देख पाएंगे।