केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा फैसला: भारत करेगा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की कोशिश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार, 27 अगस्त 2025 को भारत की ओर से 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की दावेदारी को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट ने साफ किया है कि अहमदाबाद को उसकी विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं, अभ्यास केंद्रों और खेल संस्कृति के चलते आदर्श मेजबान शहर माना गया है।

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के सहमति देने के कुछ ही दिन बाद यह अहम फैसला लिया गया। सरकार की ओर से बताया गया है कि बोली स्वीकार होने की स्थिति में गुजरात सरकार को अनुदान दिया जाएगा और सभी आवश्यक गारंटियों के साथ मेजबान सहयोग समझौते (Host City Agreement) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

भारत ने आखिरी बार 2010 में दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी। इस बार मेजबानी की दावेदारी के लिए बोली जमा करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2025 तय है। आईओए अगले 48 घंटे में सारी प्रक्रिया पूरी कर सकता है। अंतिम फैसला नवंबर 2025 में स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में होने वाली राष्ट्रमंडल महासभा में होगा।

कनाडा के वित्तीय कारणों से पीछे हटने के बाद भारत की दावेदारी और मजबूत मानी जा रही है। अहमदाबाद में पहले ही दुनिया का सबसे बड़ा नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम है, जिसने 2023 क्रिकेट विश्व कप फाइनल की सफल मेजबानी की थी। इसके अलावा सरदार वल्लभ भाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव भी प्रमुख वेन्यू होगा।

सरकार का मानना है कि इस आयोजन से स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और खेलों में भागीदारी को नई ऊर्जा मिलेगी। खेल विज्ञान, इवेंट मैनेजमेंट, मीडिया, आईटी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों को भी बड़ा मौका मिलेगा।

भारत ने पहले ही 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की इच्छा जताई है और उसमें भी अहमदाबाद को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।