रमेश चंद्र महापात्रा ने संभाला एसईसीएल निदेशक (तकनीकी) का पदभार

दिनांक 27 अगस्त 2025 को रमेश चंद्र महापात्रा ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (तकनीकी) का पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर सीएमडी एसईसीएल श्री हरीश दुहन ने पूरे एसईसीएल परिवार की ओर से उनका स्वागत किया और बधाई दी। कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शुभश्री महापात्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी) संचालन, श्री एन. फ्रेंकलिन जयकुमार तथा निदेशक (मानव संसाधन), श्री बिरंची दास ने भी श्री महापात्रा को शुभकामनाएँ दीं।

पदभार ग्रहण करने से पहले श्री महापात्रा ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के झांझरा क्षेत्र में क्षेत्रीय महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। खनन क्षेत्र में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले श्री महापात्रा रणनीतिक दृष्टिकोण और नवाचारी नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं।

उन्होंने आईआईटी-बीएचयू से 1990 में माइनिंग इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की और बाद में एमबीए (मानव संसाधन प्रबंधन) भी किया। वे इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो सदस्य भी हैं।

श्री महापात्रा ने अपने करियर की शुरुआत एसईसीएल के कोरबा क्षेत्र की सूराकछार कोलियरी से की थी। इसके बाद उन्होंने कोलियरी मैनेजर, प्रोजेक्ट ऑफिसर, अतिरिक्त महाप्रबंधक और क्षेत्रीय महाप्रबंधक जैसे कई अहम पदों पर कार्य किया।

अपने लंबे करियर में उन्होंने सीआईएल की बड़ी भूमिगत और ओपनकास्ट खनन परियोजनाओं का नेतृत्व किया। उत्पादन वृद्धि, नई प्रौद्योगिकियों के उपयोग, भूमि एवं पुनर्वास जैसे जटिल मुद्दों को सुलझाने और समुदायों से मजबूत संबंध बनाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

श्री महापात्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारतीय कोयला क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। वे अफ्रीकन माइनिंग इंदाबा (केप टाउन, दक्षिण अफ्रीका) और चेक गणराज्य में औद्योगिक सहयोग वार्ताओं में शामिल होकर भारत की खनन क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर चुके हैं।