रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का निधन, 93 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस

रायपुर। राजधानी रायपुर से दुखद खबर सामने आई है। रायपुर शहर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन से पूरे छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।

1977 में रचा था इतिहास

रजनी ताई उपासने ने 1977 के विधानसभा चुनाव में जनता पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। उन्होंने उस समय कांग्रेस प्रत्याशी शारदा चरण तिवारी को हराया था। इस जीत के साथ ही वे रायपुर शहर की पहली महिला विधायक बनी थीं।

जनता के बीच सादगी और समर्पण से बनाई पहचान

विधायक बनने से पहले ही रजनी ताई जनसंघ से जुड़ी हुई थीं और कई आंदोलनों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनकी सादगी और जनता के प्रति समर्पण ने उन्हें आम लोगों के बीच लोकप्रिय बना दिया था।

रायपुर को अब तक एक ही महिला विधायक

लोकतांत्रिक इतिहास में रायपुर को अब तक केवल एक ही महिला विधायक मिली हैं और वह थीं रजनी ताई उपासने। 46 साल की उम्र में विधायक बनीं रजनी ताई ने राजनीति को सेवा का माध्यम माना और अपने योगदान से लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी।