पालघर (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। एक अवैध चार मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मरने वालों में एक मां-बेटी की जोड़ी भी शामिल है।
हादसा बुधवार को करीब रात 12:05 बजे विरार पश्चिम के रामाबाई अपार्टमेंट में हुआ। यह इमारत साल 2012 में बनाई गई थी और पूरी तरह गैरकानूनी थी। घटना के बाद वसई-विरार नगर निगम (VVMC) की शिकायत पर पुलिस ने बिल्डर को हिरासत में लिया है।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद से नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की दो टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हुई हैं। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है। अब तक 17 लोगों का पता चला है, जिनमें 14 की मौत हो चुकी है, 1 गंभीर रूप से घायल है और 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
शुरुआत में संकरी गली की वजह से हाथों से मलबा हटाना पड़ा। अब जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से तेजी से मलबा हटाया जा रहा है।
बड़ा नुकसान टला
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम ने बताया कि जिस चॉल पर इमारत का हिस्सा गिरा, वह खाली थी। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। एहतियातन आसपास की दूसरी चॉलों को भी खाली करा लिया गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।
जिला कलेक्टर इंदु रानी जाखड़ ने कहा कि राहत कार्य लगातार जारी है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की पूरी कोशिश की जा रही है।
