रायपुर। प्रदेश भाजपा 31 अगस्त को राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन की बड़ी बैठक करने जा रही है। इस बैठक में हाल ही में नियुक्त सभी नए पदाधिकारियों को मार्गदर्शन मिलेगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करना है।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्य और जिम्मेदारियों की दिशा में प्रशिक्षण देंगे। बैठक में प्रदेश नेतृत्व के वरिष्ठ नेता, 476 मंडल और 36 संगठन जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सभी मोर्चों के अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के संयोजक शामिल होंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक पूरे दिन चलेगी। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने, प्रचार-प्रसार की रणनीति और अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने पर विशेष फोकस रहेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के साथ प्रदेश के मंत्री व वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। डिप्टी सीएम अरुण साव ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि संगठनात्मक मजबूती भाजपा की प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रदेश भाजपा ने सदस्यता अभियान चलाकर रिकॉर्ड 60 लाख नए सदस्य जोड़े हैं। इसके बाद बूथ स्तर तक संगठनात्मक चुनाव संपन्न कराए गए। प्रदेश में अब 476 मंडल और 36 संगठनात्मक जिले बन चुके हैं।
प्रदेश भाजपा ने इस बार जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों में नए चेहरों को आगे बढ़ाया है। सिर्फ रायपुर ग्रामीण जिला ऐसा रहा जहां पुराने अध्यक्ष को दोबारा मौका दिया गया है।
इस बैठक को संगठनात्मक दिशा और भविष्य की रणनीति तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
