कोटा रेलवे फाटक बंद करने की तैयारी, विकल्प रास्ते के बिना परेशानी में आम लोग

रायपुर। शहर के कोटा रेलवे क्रॉसिंग फाटक को बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लेकिन इस फैसले से पहले रेलवे प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया गया है। ऐसे में रोजाना इस फाटक से गुजरने वाले करीब 10 से 12 हजार स्टूडेंट्स, व्यापारी और आम लोग सीधे प्रभावित होंगे। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जब तक कोई दूसरा रास्ता तैयार नहीं हो जाता, तब तक रेलवे फाटक बंद नहीं किया जाए।

इस संबंध में रायपुर रेल मंडल के DRM दयानंद ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल फाटक बंद करने की कोई निश्चित तारीख तय नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन तकनीकी सर्वेक्षण कर रहा है और 10 से 15 दिनों के भीतर वैकल्पिक रास्ते पर कोई नतीजा सामने आएगा।

DRM दयानंद ने कहा कि फाटक बंद होने की स्थिति में विकल्प के तौर पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) या रोड अंडर ब्रिज (RUB) बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, कोटा फाटक पर ROB की संभावना नहीं है। वहीं RUB को लेकर भी दिक्कतें सामने आ रही हैं, क्योंकि दोनों तरफ पहले से ही लोगों के घर बने हुए हैं। इसके अलावा RUB के लिए पर्याप्त लंबाई की जरूरत होती है, वरना उसमें पानी भरने की समस्या बनी रहती है।

स्थानीय लोग फिलहाल प्रशासन के फैसले से असमंजस में हैं और उनका कहना है कि यदि बिना विकल्प दिए रेलवे फाटक बंद किया गया तो रोजमर्रा की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित होगी।