बीजापुर में नक्सलियों की हैवानियत : शिक्षादूत की हत्या, इस साल 9वीं वारदात

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक बार फिर नक्सलियों की बर्बरता सामने आई है। गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने शिक्षादूत कल्लू ताती की निर्मम हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, नेन्द्रा गांव में पदस्थ शिक्षादूत कल्लू ताती शुक्रवार शाम स्कूल से घर लौट रहे थे, तभी नक्सलियों ने उनका अपहरण कर लिया।

नक्सलियों ने उन पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए बेरहमी से मारपीट की और देर रात धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी। मृतक कल्लू ताती तोड़का गांव के रहने वाले थे। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पिछले तीन दिनों में यह तीसरी घटना है। इससे पहले मनकेली गांव में सुरेश नामक ग्रामीण की हत्या की गई थी। केवल इस साल में ही नक्सलियों ने 9 शिक्षादूतों की हत्या की है, जिनमें 5 बीजापुर और 4 सुकमा जिले के हैं। हर हत्या में नक्सलियों ने एक ही आरोप लगाया है—पुलिस की मुखबिरी करने का।