प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय चीन की यात्रा पर हैं। वह चीन के तियानजिन शहर में आयोजित 25वें एससीओ (शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। इस दौरान आज (रविवार) दोपहर स्थानीय समयानुसार 12 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे) उनकी मुलाकात चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से होगी। इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हुई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को जापान यात्रा पूरी करने के बाद चीन पहुंचे। चीन पहुंचते ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “तियानजिन, चीन पहुंच गया हूं। एससीओ शिखर सम्मेलन में विचार-विमर्श और विभिन्न विश्व नेताओं से मिलने का इंतजार है।”
एससीओ शिखर सम्मेलन में भारत और चीन के अलावा रूस सहित कई देशों के शीर्ष नेता शामिल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति चिनफिंग की मुलाकात वैश्विक राजनीति और द्विपक्षीय रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा कई मायनों में खास है क्योंकि वह सात साल बाद चीन पहुंचे हैं। साथ ही, भारत और चीन के रिश्तों में पिछले कुछ समय से आई नरमी के बीच यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बीते दस महीनों में पीएम मोदी और शी चिनफिंग की यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले दोनों नेता रूस के कजान शहर में हुए ब्रिक्स-2024 सम्मेलन में मिले थे।
