नई दिल्ली। एअर इंडिया के विमान में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से इंदौर के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI2913 को उड़ान भरने के तुरंत बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
दरअसल, उड़ान के कुछ ही देर बाद कॉकपिट क्रू को दाहिने इंजन में आग लगने का संकेत मिला। सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए पायलट ने तुरंत विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया और सुरक्षित लैंडिंग कराई। गनीमत रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी यात्रियों को वैकल्पिक विमान से उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। इस घटना को लेकर एअर इंडिया ने जांच के आदेश दिए हैं।
एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, इंजन में आए तकनीकी संकेत की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग की गई थी। फिलहाल विमान को टेक्निकल टीम द्वारा जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है।
यात्रियों ने राहत की सांस ली कि समय रहते पायलट और क्रू मेंबर्स ने सतर्कता बरतते हुए बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
