टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर: ‘पवित्र रिश्ता’ फेम एक्ट्रेस प्रिया मराठे का 38 वर्ष की उम्र में निधन

मुंबई: टेलीविज़न इंडस्ट्री से रविवार की सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय टीवी सीरियल पवित्र रिश्ता में वर्षा सतीश देशमुख का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली अभिनेत्री प्रिया मराठे का 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। अभिनेत्री पिछले काफी समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और 31 अगस्त की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद कहा अलविदा

महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रिया मराठे कैंसर से पीड़ित थीं और लगातार इसका इलाज करवा रही थीं। लेकिन बीमारी की गंभीरता के चलते वह आखिरकार इस लड़ाई को हार गईं। उनके अचानक हुए निधन की खबर ने उनके प्रशंसकों और टीवी इंडस्ट्री को गहरा सदमा पहुंचाया है।

अभिनय की शुरुआत से लेकर पहचान तक

प्रिया मराठे का जन्म 23 अप्रैल 1987 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपनी स्कूली और कॉलेज की पढ़ाई भी मुंबई से ही पूरी की। अभिनय में रुचि के चलते उन्होंने बहुत ही कम उम्र में टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा और जल्द ही अपनी अदाकारी से पहचान बना ली।

उनके करियर की शुरुआत बालाजी टेलीफिल्म्स के लोकप्रिय धारावाहिक कसम से से हुई, जिसमें उन्होंने विद्या बाली की भूमिका निभाई थी। इसके बाद वह कॉमेडी सर्कस के पहले सीजन में भी नजर आईं और अपने कॉमिक टाइमिंग से लोगों को खूब हँसाया।

‘पवित्र रिश्ता’ से मिली घर-घर में पहचान

हालांकि, उन्हें असली लोकप्रियता ज़ी टीवी के मशहूर धारावाहिक पवित्र रिश्ता से मिली, जिसमें उन्होंने वर्षा सतीश देशमुख का किरदार निभाया था। इस किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई और वह भारतीय टेलीविज़न की जानी-मानी अभिनेत्री बन गईं।

इसके बाद वह बड़े अच्छे लगते हैं, बया दूधी पायली और साथ निभाना साथिया जैसे कई सीरियल्स में नजर आईं। उनकी एक्टिंग की versatility ने उन्हें इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम दिलाया।

इंडस्ट्री और फैंस में शोक

प्रिया मराठे के निधन की खबर सामने आते ही टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर फैंस और कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है और उनके परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत देने की कामना की है।