भारत एशिया कप हॉकी के सुपर-4 में पहुंचा, जापान को 3-2 से हराया

भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-4 में जगह बना ली है। रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने जापान को 3-2 से मात दी। इस जीत के साथ टीम इंडिया पूल-ए की प्वॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।

राजगीर स्थित बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने तेज शुरुआत की। मैच के तीसरे मिनट में मंदीप सिंह ने फील्ड गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके दो मिनट बाद ही कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर कायम रहा।

तीसरे क्वार्टर में जापान ने वापसी की कोशिश की और कावाबे कोसेई ने शानदार बैक हैंड शॉट लगाकर टीम के लिए पहला गोल दागा। हालांकि, चौथे क्वार्टर की समाप्ति से ठीक पहले हरमनप्रीत सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करते हुए भारत को 3-1 की मजबूत बढ़त दिलाई।

अंतिम क्षणों में जापान के कोसेई ने 58वें मिनट में दूसरा गोल दागा, लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार खेल दिखाते हुए बढ़त बनाए रखी और मुकाबला 3-2 से अपने नाम किया।