कबीरधाम। जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक के सीक्रेट चैंबर से 2 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए नशीले पदार्थ की कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक (PB 02 EJ 3009) में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें एक गुप्त चैंबर मिला। चैंबर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ईश्वर सिंह (झज्जर, हरियाणा) और रामु सिंह परमार (धौलपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा से दिल्ली सप्लाई किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस ने गांजा और ट्रक को ज़ब्त कर लिया है तथा आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
