बिलासपुर, 1 सितंबर 2025।
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को 14वें दिन भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का मुखौटा पहनकर “क्या हुआ तेरा वादा” गीत बजाया और सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
छत्तीसगढ़ एनएचएम कर्मचारी संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्याममोहन दुबे ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले रायपुर के तूता मैदान में इन मंत्रियों ने वादा किया था कि भाजपा की सरकार बनने के 100 दिन के भीतर संविदा कर्मियों का नियमितीकरण किया जाएगा, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है।
हड़ताल की वजह से जिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), हेल्थ सब सेंटर, मेंटल हॉस्पिटल और सीएमएचओ कार्यालय का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कर्मचारी 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सचिव और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी काम पर लौटने के नोटिस की प्रतियां भी जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस प्रदर्शन में संघ के जिला अध्यक्ष राजकुमार यादव, उपाध्यक्ष जीवन महंत, सचिव प्रमोद पटेल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
