कोटा में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, रियल एस्टेट व पान मसाला कंपनियों के 18 ठिकानों पर छापेमारी

आयकर विभाग ने मंगलवार सुबह राजस्थान में रियल एस्टेट और पान मसाला कारोबार से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई यह छापेमारी अब भी जारी है।

सूत्रों के मुताबिक, जयपुर और कोटा में कुल 18 ठिकानों पर आयकर टीम ने दबिश दी है।

जयपुर में हाई फ्लाई रियल एस्टेट ग्रुप के आठ ठिकानों पर कार्रवाई

कोटा में सिग्नेचर पान मसाला और सिद्धेश्वर गम्स के चार ठिकानों पर छापेमारी

वहीं गोकुल कृपा ग्रुप (बीआरबी डेवलपर्स) के छह ठिकानों को भी आयकर विभाग ने निशाने पर लिया

क्या है मामला

जांच टीम को आशंका है कि प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री में बड़े पैमाने पर कैश ट्रांजैक्शन और टैक्स चोरी की गई है। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई।

आयकर अधिकारी फिलहाल कंपनियों से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, जमीन-प्रॉपर्टी और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी फाइलों की जांच कर रहे हैं।

कारोबार जगत में हड़कंप

इस छापेमारी से जयपुर और कोटा के रियल एस्टेट और पान मसाला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। कई जगहों पर स्थानीय पुलिस भी कार्रवाई में विभाग का सहयोग कर रही है। माना जा रहा है कि छापेमारी लंबी चल सकती है और इसमें बड़े स्तर पर टैक्स चोरी और कैश लेन-देन के खुलासे की संभावना है।

राजस्थान में पिछले कुछ समय से रियल एस्टेट कारोबार में कैश ट्रांजैक्शन को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इसी सिलसिले में हाई फ्लाई रियल एस्टेट, सिग्नेचर पान मसाला और बीआरबी डेवलपर्स जैसी कंपनियों के ठिकानों को आयकर विभाग ने टारगेट किया है।