छत्तीसगढ़ में ईडी की बड़ी कार्रवाई, राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में छापेमारी
रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार की सुबह छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की है। जानकारी के मुताबिक कृषि कारोबार से जुड़े बड़े व्यापारियों के 10 से अधिक ठिकानों पर यह कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम ने रायपुर के साथ ही दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में दबिश दी है। राजधानी रायपुर में करीब 10 ठिकानों पर जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि रायपुर के शंकर नगर स्थित कारोबारी विनय गर्ग के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची है, जहां दस्तावेजों और लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
हालांकि, यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है, इसको लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। साथ ही ईडी की ओर से छापेमारी की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं की गई है।
इस अचानक हुई कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है और कई जिलों में हलचल तेज हो गई है।
