शराब दुकान सुपरवाइजर को आबकारी अधिकारी ने मारा थप्पड़, 25 हजार रुपए वसूलने का आरोप

रायपुर। राजधानी से सटे तिल्दा इलाके में आबकारी विभाग की बड़ी लापरवाही और दबंगई का मामला सामने आया है। यहां संभागीय उड़नदस्ता आबकारी अधिकारी उत्तम भारद्वाज ने सरकारी देसी शराब दुकान के सुपरवाइजर को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अधिकारी बहसबाजी के बाद सुपरवाइजर पर हाथ उठाते नजर आ रहा है।

25 हजार रुपए वसूली का आरोप

दुकान के सेल्समैन मोहित वर्मा ने बताया कि 2 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे से 9 बजे के बीच अधिकारी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने ओवर रेटिंग का आरोप लगाते हुए 60 हजार रुपए की मांग की। बाद में दबाव बनाकर 25 हजार रुपए जबरन वसूल लिए।

सही रेट पर बिक्री का दावा, फिर थप्पड़

सेल्समैन के मुताबिक, दुकान के सुपरवाइजर मधु राय ने साफ कहा कि शराब सरकारी रेट पर ही बेची जा रही है। इस पर अधिकारी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए सुपरवाइजर को थप्पड़ जड़ दिया।

CCTV फुटेज से खुला राज

घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिससे अधिकारी की दबंगई उजागर हुई है। वहीं इस मामले पर विभागीय कार्रवाई को लेकर अब सवाल खड़े हो रहे हैं।