इंदौर एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 161 यात्री सुरक्षित

इंदौर एयरपोर्ट पर एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 161 यात्री सुरक्षित

इंदौर। दिल्ली से इंदौर आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (आईएक्स-1104) को शुक्रवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में उतारना पड़ा। विमान में सवार सभी 161 यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट सामान्यत: सुबह 6:40 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 8:15 बजे इंदौर पहुंचती है, लेकिन शुक्रवार को यह 8:28 बजे रवाना हुई। इंदौर एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी।

एटीसी ने इमरजेंसी लैंडिंग की घोषणा करते हुए एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी कर दिया। इसके बाद रनवे के आसपास रेस्क्यू टीम, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस सहित सभी आपातकालीन सेवाओं को तैनात कर दिया गया। सुबह 9:54 बजे विमान को सुरक्षित तरीके से उतारा गया।

इमरजेंसी लैंडिंग की खबर मिलते ही विमान में बैठे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। वहीं, एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे उनके परिजन भी घबरा गए। हालांकि, राहत की बात रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ गए।

एअर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारियों ने कहा कि विमान की जांच की जा रही है और तकनीकी खराबी का कारण सामने आने के बाद ही आगे उड़ान की अनुमति दी जाएगी।