शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को चौथे क्रमोन्नति वेतनमान देने की घोषणा की है। राजधानी भोपाल स्थित प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में सीएम ने यह ऐलान किया।
सीएम ने कहा कि इस फैसले से सरकार पर 117 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा, लेकिन शिक्षकों के हित में इसे खुशी-खुशी स्वीकार किया जाएगा। उन्होंने कहा— “हमारे सरकारी स्कूलों के शिक्षक देश में सीबीएसई और आईसीएससी जैसे बोर्डों को सीधी टक्कर दे रहे हैं। यही कारण है कि सरकारी स्कूलों के बच्चे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।”
किन्हें मिलेगा लाभ?
1 जुलाई 2023 तक 35 साल की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को ही चौथे क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ मिलेगा।
अब तक यह सुविधा शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक सीमित थी, लेकिन शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने पूरा कर दिया।
जल्द ही इस प्रस्ताव को कैबिनेट में लाकर लागू किया जाएगा।
उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उन्हें 25 हजार रुपए की सम्मान निधि, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सीएम ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी शिक्षकों के हित में सरकार सकारात्मक फैसले लेती रहेगी।
