गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के मटाल पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया गया है। मारे गए नक्सलियों में 1 करोड़ का इनामी मोडेम बालकृष्ण भी शामिल है।
गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। वहीं, रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि सुरक्षाबल नक्सल विरोधी अभियान पर निकले थे, तभी जंगल में नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से घंटों गोलीबारी चलती रही।
अभियान में एसटीएफ, कोबरा (सीआरपीएफ की कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन) और राज्य पुलिस के जवान शामिल थे। मुठभेड़ के बाद मौके पर नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। हालांकि जंगल में आईईडी लगे होने की आशंका के चलते रात में सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ रुक चुकी है, लेकिन सुबह होते ही पूरे इलाके की सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
